आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का किया स्वागत
जयपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के प्रयासों से अपनी मांगों के समाधान की उम्मीद जगी तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम साथिनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री के पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने उनका आभार व्यक्त करते हुए लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम साथिनों ने मानदेय में वृद्धि, ग्रेच्युटी भुगतान सहित विभिन्न लंबित मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक रुख अपनाए जाने पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार से मिले भरोसे के बाद उन्हें उम्मीद है कि उनकी मांगों पर शीघ्र ही उचित निर्णय लिया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्राम साथिनों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। सरकार उनकी मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
महिला कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सरकार जल्द ही उनकी लंबित मांगों पर निर्णय लेकर राहत प्रदान करेगी। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश