प्रदेश की सभी आंगनबाड़ियों में 25 सितंबर से होगा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
जयपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक हुई। बैठक में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी आंगनबाड़ियों में आयोजित होने वाले आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्कर्स और सहयोगिनियों का सम्मान किया जाएगा। बच्चों के मनोरंजन और रचनात्मक विकास के लिए पेंटिंग, खेलकूद सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर संवाद भी किए जाएंगे। इस क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को भी कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभाग को प्रत्येक आंगनबाड़ी की सूची उपलब्ध कराने, महिला मोर्चा के साथ समन्वय करने, कार्यक्रम की तिथि निर्धारित करने और समय-समय पर बैठक कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुभकामना संदेश, बच्चों द्वारा तैयार की गई पुस्तक तथा बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य से संबंधित प्रधानमंत्री के विचार भी प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचाए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यक्रम की निगरानी करेगा, ताकि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर इसका प्रभावी आयोजन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री मंजू बाघमार, विभाग की सचिव पूनम और निदेशक वासुदेव मालावत मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव