रिहायशी इलाकों में चल रहा था अवैध गैस रिफिलिंग का खेल
जयपुर, 23 मई (हि.स.)। राजधानी के रिहायशी इलाकों में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरने और कालाबाजारी करने वाले नेटवर्क पर जयपुर दक्षिण जिला पुलिस और रसद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के तहत शिवदासपुरा, नारायण विहार, शिप्रापथ और मुहाना थाना क्षेत्रों में दबिश देकर चार आरोपियों को डिटेन किया गया। कार्रवाई के दौरान 42 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक कांटे जब्त किए गए।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि रिहायशी इलाकों में अवैध गैस रिफिलिंग के कारण संभावित हादसों को रोकने और गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार को पुलिस और रसद विभाग की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
शिप्रापथ थाना पुलिस ने महारानी फार्म स्थित जादौन नगर में किराए के मकान पर दबिश देकर आरोपी हरिमोहन शर्मा को पकड़ा। आरोपी घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध और असुरक्षित तरीके से गैस रिफिलिंग करता मिला। मौके पर एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर 2000 का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने सिलेंडर और उपकरण जब्त कर सामग्री को सुषमा गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया।
नारायण विहार थाना क्षेत्र में भी पुलिस और रसद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आठ गैस सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा, एक रिफिलिंग मोटर, रिफिलिंग पिन और कैप्चर जब्त किया। इस मामले में रसद विभाग अलग से एफआईआर दर्ज करवा रहा है।
इस अभियान के तहत शिवदासपुरा और मुहाना थाना पुलिस ने भी मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अवैध री-बॉटलिंग का खुलासा किया। दोनों थाना क्षेत्रों से शेष गैस सिलेंडर और रिफिलिंग उपकरण जब्त कर आरोपियों को डिटेन किया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल 42 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर, सात रिफिलिंग पिन, रिफिलिंग मोटरें और इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटे बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घनी आबादी वाले इलाकों में बिना सुरक्षा मानकों के गैस रिफिलिंग करना बेहद खतरनाक था और इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें इतनी बड़ी संख्या में घरेलू सिलेंडर उपलब्ध कराने वाले डीलर और ब्लैक मार्केटियर कौन हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश