ईमानदारी की मिसाल: 2.10 लाख नकदी और गहनों से भरा बैग पुलिस के जरिए व्यापारी को लौटाया
जयपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। राजधानी में ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए एक राहगीर ने सड़क पर मिला 2.10 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग बिना खोले जवाहर सर्किल थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके मालिक का पता लगाकर पूरा सामान सुरक्षित लौटाया। सराहनीय कार्य के लिए राहगीर को पुलिस ने सम्मानित भी किया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि मुकेश कुमार निवासी करणी अपार्टमेंट, मॉडल टाउन (मालवीय नगर) सीकर हाउस स्थित कपड़ा व्यवसायी हैं। 15 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौटते समय गिरधर मार्ग पर उनके बैग की चेन खुल गई, जिससे अंदर रखा छोटा बैग सड़क पर गिर गया। बैग में 2.10 लाख रुपये नकद, सोने की एक अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट तथा क्रेडिट-डेबिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
इसी दौरान गिरधर मार्ग पर रहने वाले मेघसिंह गुर्जर (मूल निवासी ग्राम लिपोली, जिला करौली) को यह बैग मिला। उन्होंने बैग खोले बिना तत्काल इसकी सूचना जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैग की जांच में नकदी, आभूषण व दस्तावेज सुरक्षित मिले।
पुलिस ने बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर व्यापारी मुकेश कुमार का संपर्क नंबर तलाश कर उन्हें थाने बुलाया। आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने 2.10 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट तथा अन्य दस्तावेज सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिए। अपना खोया सामान वापस मिलने पर मुकेश कुमार ने मेघसिंह गुर्जर और जवाहर सर्किल थाना पुलिस का आभार जताया। वहीं, मेघसिंह की ईमानदारी की सराहना करते हुए पुलिस ने उन्हें थाने में पारितोषिक देकर सम्मानित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश