आयोडीन की कमी से बचाव के लिए 21 अक्टूबर को चलेगा जागरूकता अभियान
जयपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व आयोडीन अल्पता विकार नियंत्रण दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को जिले में आयोडीन युक्त नमक के महत्व और उसके नियमित उपयोग को लेकर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के माध्यम से आमजन को आयोडीन की कमी से होने वाले विकारों और उनकी रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि शरीर के सामान्य विकास और थायराइड ग्रंथि के सुचारू संचालन के लिए आयोडीन आवश्यक पोषक तत्व है। इसकी कमी से घेंघा सहित कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए पर्याप्त आयोडीन का सेवन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने आमजन से दैनिक आहार में आयोडीन युक्त नमक का नियमित उपयोग करने की अपील की।
डिप्टी सीएमएचओ (हेल्थ) डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि जागरूकता गतिविधियों के दौरान आयोडीन की कमी से होने वाले विकारों, उनके बचाव और आयोडीन युक्त नमक के महत्व की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नमक के उचित भंडारण और इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया जाएगा, ताकि भोजन में आयोडीन की पर्याप्त मात्रा बनी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश