अमृता हाट मेले का शुभारंभ, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने किया उद्घाटन

 


सिरोही, 13 मार्च (हि.स.)। सिरोही जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 13 से 17 मार्च तक दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले अमृता हाट मेले का शुक्रवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज राज्यमंत्री ओटाराम देवासी ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री देवासी सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली तथा महिला स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन किया।

राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि अमृता हाट जैसे आयोजनों से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। ऐसे मेलों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिलता है, जिससे उनके उत्पादों की पहचान स्थापित होती है और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण और प्रगति के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अमृता हाट मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीद कर उनका उत्साहवर्धन करें।

इस दौरान राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि सिरोही सहित पूरे राजस्थान में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हर घर तक एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तेल रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों और भ्रामक प्रचार से बचें।

गौरतलब है कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सिरोही जिले में हर वर्ष जिला स्तरीय अमृता हाट का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष आयोजित मेले में राज्यभर के लगभग 40 स्वयं सहायता समूह भाग ले रहे हैं, जहां उनके द्वारा निर्मित और मूल्य संवर्धित उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित