34.38 करोड़ की लागत से बदल रही फुलेरा रेलवे स्टेशन की तस्वीर

 


जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर मंडल पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जयपुर मंडल के स्टेशनों पर पुनर्विकास का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर पूजा मित्तल ने बताया कि पुनर्विकसित फुलेरा रेलवे स्टेशन पर नई अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं तथा मौजूदा सुविधाओं के अपग्रेडेशन से यात्रियों को बेहतर और उत्कृष्ट सुविधाएं प्रदान की जाएगी।

इस कड़ी में फुलेरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 और प्लेटफार्म नंबर 4,5 का हाई लेवल कार्य को पूरा कर लिया गया है। साथ ही यात्री सुविधा के लिए प्लेटफार्म नंबर-5 का विस्तार भी किया गया है। नई बिल्डिंग में बुकिंग ऑफिस को यात्रियों के लिए चालू भी कर दिया गया है। फुलेरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग रोड का कार्य पूर्ण हो गया है। इसके अलावा बड़ा विश्रामालय, विशिष्ट अथिति कक्ष,यात्रियों के वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा, अलग से आने जाने के लिये अलग-अलग मुख्य द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया आदि का निर्माण कार्य भी लगभग पूर्ण हो गया। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है।

मित्तल ने बताया कि फुलेरा रेलवे स्टेशन पर अन्य कार्य तीव्र गति से किए जा रहे है। साथ ही फुलेरा रेलवे स्टेशन के नये भवन को हेरिटेज लुक दिया जायेगा।

फुलेरा स्टेशन पर 34.38 करोड़ की लागत से विकास कार्य करवाए जाने की योजना तैयार की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश