विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह शुरू

 


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की रोकथाम और एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जयपुर प्रथम में 18 से 24 नवंबर तक विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। बुधवार को नीले गुब्बारे उड़ाकर सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन : प्रिवेंट एएमआर नाउ’ रखी गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक और गलत उपयोग भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन सकता है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से अपील की कि इन दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार करें और आमजन को भी जागरूक करें।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (हेल्थ) डॉ. मनु शेखावत ने बताया कि जागरूकता सप्ताह के दौरान चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन की सहभागिता से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चिकित्सा संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ ग्रहण, पोस्टर एवं सूचना सामग्री का प्रदर्शन किया जाएगा। चिकित्सकों और फार्मासिस्ट के लिए ऑनलाइन वेबिनार तथा प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी होंगे।

वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण में प्रभावी होती हैं। सामान्य सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे वायरल संक्रमण में इनका उपयोग लाभकारी नहीं है। बिना चिकित्सकीय सलाह दवा लेना, उपचार अधूरा छोड़ना, पुरानी पर्ची पर दोबारा दवा लेना और दूसरों के साथ एंटीबायोटिक साझा करना दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा सकता है।

उन्होंने बताया कि अभियान में संक्रमण की रोकथाम, हाथों की स्वच्छता, अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं और उचित दवा परामर्श पर विशेष जोर दिया जाएगा। ऑडियो संदेशों, जागरूकता सामग्री और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से भी आमजन तक संदेश पहुंचाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन बिना चिकित्सकीय सलाह के नहीं करें और निर्धारित उपचार का पालन करें। दवाओं का जिम्मेदार उपयोग ही भविष्य में उनकी प्रभावशीलता बनाए रखने में मददगार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश