अमित शाह के अलवर दौरे की तैयारियां तेज, भूपेंद्र यादव ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
अलवर, 09 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 16 अगस्त को प्रस्तावित अलवर दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संजय शर्मा भी मौजूद रहे।
अमित शाह 16 अगस्त को अलवर के विजय नगर मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। दौरे के दौरान कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले सरस डेयरी के नए दुग्ध संयंत्र और राजीविका के महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 38 सीएचएस भवनों का शिलान्यास प्रमुख रूप से शामिल है।
बैठक में बताया गया कि अलवर, कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में करीब 1600 करोड़ रुपये के कार्यों के साथ राजस्थान के लिए करीब 5 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान रोजगार मेले का आयोजन और महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने वाली पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा।
भूपेंद्र यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक, महिलाएं और आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जाए। वाहनों की पार्किंग के लिए उचित स्थान चिह्नित करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभा स्थल पर छाया, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, मेडिकल टीम, सीसीटीवी कैमरे और चल शौचालयों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने को कहा।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सरस डेयरी और राजीविका महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। प्रतिनिधियों ने नए दुग्ध संयंत्र और 38 सीएचएस भवनों के शिलान्यास को किसानों, पशुपालकों और महिला समूहों के लिए रोजगार व आजीविका के अवसर बढ़ाने वाला कदम बताया।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बैठक में केंद्रीय मंत्री को बताया कि कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को समय पर पूरा कराया जा रहा है।
बैठक में विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, विभिन्न जनप्रतिनिधि, अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, यूआईटी, जिला परिषद, पीडब्ल्यूडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, डेयरी प्रतिनिधि और राजीविका समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार