अमित शाह 16 अगस्त को आएंगे अलवर, जनसभा को करेंगे संबोधित
अलवर, 04 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सरस डेयरी स्थित मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहेंगे। जनसभा के दौरान जिले को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी को देखते हुए संगठन स्तर पर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशासन द्वारा भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार