गृह मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को आएंगे अलवर, सात साै करोड़ के विकास कार्यों का होगा शिलान्यास

 






अलवर, 08 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे पर आएंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शाह इस दौरान 700 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। विजय नगर मैदान में जनसभा आयोजित होगी। पहले यह सरस डेयरी मैदान में होनी थी, लेकिन भीड़ के हिसाब से वह मैदान छोटा होने के कारण जगह बदली गई। सभी तैयारियों को लेकर आज केंद्रीय मंत्री व अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने अधिकारियो के साथ सभा स्थल देखा। इसके साथ ही अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। एक दौरान कलेक्टर, एसपी सहित कई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरे के दौरान सरस डेयरी में नए प्लांट की आधारशिला रखा जाना प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है। जानकारी के अनुसार प्रस्तावित प्लांट की क्षमता करीब 3 लाख लीटर प्रतिदिन होगी। इससे क्षेत्र में दूध के प्रसंस्करण और डेयरी से जुड़ी गतिविधियों को विस्तार मिलने की उम्मीद है।

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाहर से भी जाब्ता बड़ी संख्या में अलवर आएगा। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है।

कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने बताया कि केंद्रीय मंत्री शाह 700 करोड़ की विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

प्रशासन की ओर से करीब एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। पार्किंग की व्यवस्था, यातायात संचालन और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर काम किया जा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने, वाहनों के लिए पार्किंग और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार