अलवर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, नशामुक्ति का लिया संकल्प

 






अलवर, 21 जून (हि.स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को अलवर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा राज्य वन मंत्री संजय शर्मा के आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, महिलाओं, दिव्यांगजनों, सेना के जवानों तथा अधिकारियों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ पर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का वर्चुअल संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से 12 वर्ष पूर्व योग को वैश्विक पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राज्य वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा की अनुपम देन है, जो तन, मन और आत्मा को संतुलित कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, निरोग और समृद्ध राजस्थान के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योग क्रियाओं एवं आसनों का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, पदहस्तासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, पवनमुक्तासन तथा शवासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। इसके अलावा कपालभाति, नाड़ी शोधन, अनुलोम-विलोम, शीतली और भ्रामरी प्राणायाम भी कराए गए। कार्यक्रम का समापन ध्यान एवं संकल्प के साथ हुआ।

विश्व योग दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयुर्वेद विभाग तथा विभिन्न योग संस्थाओं ने सहयोग किया। पतंजलि योग समिति, कल्पतरु योग संस्थान, गांधी स्वास्थ्य सदन समिति, भारतीय योग संस्थान, योगासन भारत, ब्रह्मकुमारी संस्थान तथा हार्टफुलनेस सेंटर सहित विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, उप जनरल ऑफिसर कमांडिंग आर.के. विद्यासागर, कर्नल ममता, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार