पहली ही तेज बारिश में डूबा अलवर, नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

 






अलवर, 08 जुलाई (हि.स.)। मानसून की पहली तेज बारिश ने अलवर नगर निगम की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। कुछ घंटों की बारिश में ही शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं, जिससे वाहन चालकों, दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के मीना पाड़ी, घंटाघर, बस स्टैंड रोड, गोपाल टॉकीज के सामने , स्वर्ग रोड सहित कई अन्य क्षेत्रों में सड़को पर पानी भर गया। कई स्थानों पर वाहन पानी में फंस गए, जबकि दुकानों के बाहर जलभराव होने से व्यापार भी प्रभावित हुआ। राहगीरों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नगर निगम हर वर्ष नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा करता है, लेकिन पहली ही तेज बारिश में शहर की बदहाल तस्वीर ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए। लोगों का कहना है कि यदि मानसून की शुरुआत में ही ऐसे हालात हैं तो आगामी बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

बारिश रुकने के बाद नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरुका ने शहर के ओवरफ्लो नालों एवं जल निकासी व्यवस्था का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने साफ किए गए नालों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचाव के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

नगर निगम की टीमें बारिश के बाद शहर में सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं। हालांकि, शहरवासियों का मानना है कि स्थायी समाधान के बिना हर बारिश में ऐसी ही परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार