अलवर में महात्मा फुले जयंती पर सात दिन चलेगा समाज जागरण अभियान

 


अलवर, 03 अप्रैल (हि.स.)। समाज सुधार, शिक्षा और समानता के प्रतीक ज्योतिबा फुले की जयंती इस बार अलवर में केवल उत्सव नहीं बल्कि समाज जागरण अभियान के रूप में मनाई जाएगी। सैनी समाज संगठनों के संयुक्त प्रयास से आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रम सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा प्रोत्साहन और सामाजिक एकता का संदेश देगा।

महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के पावन अवसर पर अलवर जिला सैनी महासभा संस्थान, राष्ट्रीय सैनी सभा और सैनी समाज विद्यार्थी उन्नत शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इस संबंध में आज आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

विकास बबेरवाल ने बताया कि यह आयोजन राजस्थान में महात्मा फुले की जयंती पर चलने वाला सबसे लंबा सात दिवसीय कार्यक्रम होगा। जिसकी शुरुआत पांच अप्रैल से रक्तदान शिविर और प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ होगी।

अध्यक्ष अनिल सैनी ने बताया कि समारोह में उन छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा जिन्होंने 10वीं/12वीं में 80% या उससे अधिक और स्नातक में 75% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही नीट, जेईई, आईएएस,आरएएस सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाओ का सम्मान किया जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार