अलवर नगर निगम चुनाव परिणाम: भाजपा की 28 व कांग्रेस की 23 सीटाें पर जीत, 13 निर्दलियाें ने मारी बाजी
अलवर, 14 सितंबर (हि.स.)। अलवर नगर निगम के 65 वार्डों के चुनाव परिणाम सोमवार को मतगणना के साथ सामने आ गए। बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में हुई मतगणना में भाजपा ने 28 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस के 23 पार्षद विजयी रहे। बसपा को एक वार्ड में जीत मिली और 13 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी बाजी मारी। सभी विजेता पार्षदों को निर्वाचन अधिकारी की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
नगर निगम के चुनाव परिणाम सामने आने के साथ ही अब मेयर और बोर्ड गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। बहुमत के लिए 33 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में भाजपा को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 5 और कांग्रेस को 10 पार्षदों के समर्थन की जरूरत है। परिणामों के बाद दोनों प्रमुख दलों में जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा और कांग्रेस की ओर से अपने-अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई है। वहीं कई निर्दलीय पार्षदों को भी अपने खेमे में शामिल करने के प्रयास जारी हैं। अब सबसे ज्यादा नजर उन 13 निर्दलीय पार्षदों पर है, जिनकी भूमिका मेयर चुनाव और नगर निगम बोर्ड के गठन में महत्वपूर्ण हो सकती है। आने वाले दिनों में किस पार्टी को निर्दलीय और अन्य पार्षदों का समर्थन मिलता है, यह तस्वीर साफ होगी।
इससे पूर्व नगर निगम अलवर के 65 वार्डों की मतगणना आर्ट्स कॉलेज परिसर के पांच कमरों में कराई गई। प्रत्येक कमरे में पांच मतगणना टेबल लगाई गई थीं। मतगणना तीन राउंड में पूरी हुई। पहले राउंड में वार्ड संख्या 1 से 25, दूसरे राउंड में 26 से 50 और तीसरे राउंड में 51 से 65 तक के वार्डों की मतगणना की गई। मतगणना के दौरान प्रत्याशियों, उनके समर्थकों और एजेंटों के लिए कॉलेज परिसर में बैठने की व्यवस्था की गई थी।
मतगणना स्थल पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतगणना स्थल में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की गई। बिना अनुमति किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर भी पाबंदी रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी मतगणना प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
उप निर्वाचन अधिकारी अंबालाल मीणा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है। सभी विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए गए हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में लगे सभी कार्मिकों के साथ पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
मतगणना शुरू होने के बाद अलवर जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मतगणना स्थल का दौरा किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से मतगणना प्रक्रिया की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार