अलवर सहित 5 निकाय में चुनाव बुधवार को- 3.28 लाख मतदाता करेंगे मतदान, 799 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
अलवर , 08 सितंबर (हि.स.)।
नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के प्रथम चरण के तहत अलवर जिले में 9 सितंबर को नगर निगम अलवर सहित 5 नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव को लेकर मतदान दलों की रवानगी और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नगर निगम अलवर के लिए नियुक्त 249 मतदान दल मंगलवार को बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय से मतदान सामग्री और अन्य चुनावी सामान लेकर अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला और चुनाव पर्यवेक्षक अल्पा चौधरी मौजूद रहीं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण का जायजा लिया और कार्मिकों की हौसला अफजाई करते हुए चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिले में नगर निगम सहित 5 नगरीय निकाय क्षेत्रों के 165 वार्डों में मतदान होगा। कुल 3,28,710 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नगर निगम अलवर: 2,68,292 मतदाता
नगर पालिका रामगढ़: 27,005 मतदाता
नगर पालिका नौगांव: 8,083 मतदाता
नगर पालिका मालाखेड़ा: 9,555 मतदाता
नगर पालिका बहादुरपुर: 15,775 मतदाता
799 प्रत्याशी मैदान में
नगर निगम सहित पांचों निकायों के चुनाव में कुल 799 अभ्यर्थी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
निकाय
वार्ड
प्रत्याशी
नगर निगम अलवर
65
344
बहादुरपुर नगरपालिका
25
100
मालाखेड़ा नगरपालिका
20
127
नौगांव नगरपालिका
20
74
रामगढ़ नगरपालिका
35
154
कुल
165
799
10 प्रतिशत मतदान दल रिजर्व में
रामगढ़ के 35, नौगांव के 20, मालाखेड़ा के 20 और बहादुरपुर के 25 मतदान दलों को संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों से मतदान सामग्री वितरित कर रवाना किया गया। इसके अलावा 10 प्रतिशत मतदान दल रिजर्व रखे गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मियों और जिला प्रशासन के कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। मतदान को प्रभावित करने से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल अधिकारियों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव सामग्री की टेबल पर हुई जांच
मतदान दलों को उनकी निर्धारित टेबल पर मतदान सामग्री सहित अन्य चुनावी सामान वितरित किया गया। मतदान समाप्त होने के बाद सभी चुनाव सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी योगेश डागुर, एडीएम द्वितीय बीना महावर, एडीएम शहर अम्बालाल मीणा, ओएसडी इलेक्शन अदिति वार्ष्णेय, नगर निगम भूमि अवाप्ति अधिकारी जितेन्द्र सिंह नरूका सहित संबंधित अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार