अलवर में नामांकन के पहले दिन नगरीय निकाय क्षेत्रों के लिए 37 अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत करें 41 नाम निर्देशन पत्र
अलवर, 27 अगस्त (हि.स.)। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के अंतर्गत जिले में नगर निगम एवं नगर पालिका निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारियों की ओर से विधिवत लोक अधिसूचना का प्रकाशन करने के साथ में आज से नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का कार्य प्रारम्भ हो गया है। नगरीय निकाय चुनाव के अंतर्गत नगर निगम अलवर सहित जिले की 11 नगर पालिका क्षेत्रों के विभिन्न वार्डों के लिए 37 अभ्यर्थियों ने 41 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरीय निकाय) डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने के प्रथम दिन आज नगर निगम अलवर के लिए 2 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से वार्ड संख्या 11 से देवेन्द्र कुमार ने भारतीय जनता पार्टी /निर्दलीय एवं वार्ड संख्या 50 से ललता ने निर्दलीय के रूप में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किया।
इसी प्रकार नगर पालिका क्षेत्र बडौदामेव के लिए 2 अभ्यर्थियों ने 2 नाम निर्देशन पत्र, नगर पालिका क्षेत्र गोविन्दगढ के लिए 1 अभ्यर्थी ने 1 नाम निर्देशन पत्र, नगर पालिका क्षेत्र लक्ष्मणगढ के लिए 8 अभ्यर्थियों ने 9 नाम निर्देशन पत्र, नगर पालिका क्षेत्र मालाखेडा के लिए 1 अभ्यर्थी ने 2 नाम निर्देशन पत्र, नगर पालिका क्षेत्र राजगढ़ के लिए 22 अभ्यर्थियों ने 24 नाम निर्देशन पत्र, नगर पालिका क्षेत्र रामगढ़ के लिए 1 अभ्यर्थी ने 1 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए तथा नगर पालिका क्षेत्र बहादुरपुर, कठूमर, खेरली, नौगांव एवं थानागाजी में नाम निर्देशन पत्र शून्य रहे।
उन्होंने बताया कि जिले में निकाय चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी। रविवार एवं रक्षाबंधन के अवकाश को छोड़कर निर्धारित दिवसों में प्रातः 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे। नगरीय निकाय चुनाव हेतु नाम निर्देशन पत्र केवल 29 एवं 31 अगस्त को भरे जा सकते हैं, साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति एवं निर्धारित औपचारिकताओं का विशेष ध्यान रखना होगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को शपथपत्र, आधार कार्ड, प्रतिभूति राशि जमा कराने की रसीद, फोटो तथा आरक्षित वार्ड के लिए जाति प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने होंगे। नामांकन पत्र के साथ उपबंध-1 का शपथपत्र 50 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित करवाकर दो अतिरिक्त प्रतियों में देना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार