अलवर मिनी सचिवालय में 400 किलोवाट रूफटॉप सोलर प्लांट का निरीक्षण, जिला कलक्टर ने दिए रखरखाव के निर्देश
अलवर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ मिनी सचिवालय में स्थापित 400 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन क्षमता तथा दैनिक ग्रिड सप्लाई की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित रखरखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने तकनीकी टीम से सोलर पैनलों की सफाई, मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप प्लांट का नियमित रूप से रखरखाव किया जाए तथा किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत दूर किया जाए, ताकि विद्युत उत्पादन बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने से न केवल बिजली बिलों में कमी आती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में भी मदद मिलती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी भवनों के साथ-साथ आमजन को भी सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के नागरिकों और निजी संस्थानों से केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर सोलर पैनल स्थापित करने की अपील की।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता आर.एस. बंसल ने बताया कि मिनी सचिवालय में 11 जून को 400 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया गया था। इस प्लांट में कुल 738 सोलर पैनल लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्लांट से प्रतिदिन लगभग 1800 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है और मिनी सचिवालय में लगभग इतनी ही बिजली की खपत होती है। ऐसे में इस परियोजना से मिनी सचिवालय का बिजली बिल लगभग शून्य होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार