अलवर में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग का खुलासा, रसद विभाग ने आठ सिलेंडर और बांसुरीनुमा यंत्र किया जब्त
अलवर , 16 नवंबर (हि.स.)। शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ रसद विभाग ने कार्रवाई की है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान आठ घरेलू गैस सिलेंडर और एक बांसुरीनुमा यंत्र जब्त किया गया।
जिला रसद अधिकारी महेश शर्मा ने बताया कि नयाबास स्थित दौलत डिपार्टमेंटल स्टोर पर घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था। सूचना के आधार पर रसद विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग पाए जाने पर 8 घरेलू गैस सिलेंडर एवं एक बांसुरीनुमा यंत्र जब्त कर लिया।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करना आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है। जब्त किए गए सिलेंडरों एवं उपकरण को सुरक्षा की दृष्टि से मैसर्स अलवर गैसेज रामगंज के प्रतिनिधि मिश्री लाल की सुपुर्दगी में दिया गया है।
रसद विभाग ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और व्यावसायिक कार्यों में दुरुपयोग को रोकने के लिए आगामी दिनों में भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार