अलवर में सजा होली का रंगीन बाजार, त्रिशूल से मिसाइल तक की अनोखी पिचकारियों की धूम
अलवर , 28 फ़रवरी (हि.स.)। होली के पर्व से पहले अलवर शहर के बाजार रंगों और उत्साह से सराबोर हो गए हैं। शहर के होप सर्कस और घंटाघर सहित प्रमुख बाजारों में होली सामग्री की दुकानें सज चुकी हैं। इस बार बाजार में बच्चों और युवाओं के लिए नई-नई डिजाइन की पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इस बार बाजार में पारंपरिक पिचकारियों के साथ-साथ थीम आधारित पिचकारियां आई हैं, जिनमें त्रिशूल, तलवार, घोटा, मिसाइल, बीन, हथोड़ी, तीनबाण धारी और बैडमिंटन डिजाइन शामिल हैं। पिचकारियों की कीमत 20 रुपये से शुरू होकर 1000 रुपये तक पहुंच रही है। बच्चों में खासतौर पर कार्टून और स्पोर्ट्स थीम वाली पिचकारियों की मांग देखी जा रही है।
बाजार में खुले गुलाल की कीमत करीब 100 रुपये प्रति किलो बताई जा रही है, जबकि हर्बल गुलाल इससे महंगा बिक रहा है। दुकानदार सोनू के अनुसार इस बार लोग त्वचा को ध्यान में रखते हुए हर्बल रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके अलावा सिलेंडर पैक गुलाल भी बाजार में उपलब्ध है, जिसकी कीमत लगभग 1000 रुपये प्रति 4 किलो बताई जा रही है।
रंगों के साथ इस बार तरह-तरह के मास्क, पगड़ी और फैंसी एक्सेसरीज भी बाजार में आई हैं। बच्चों और युवाओं में इनकी खास मांग देखी जा रही है, जिससे बाजार का माहौल और भी रंगीन हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार रंग, गुलाल और पिचकारियों के दाम पिछले साल की तुलना में कुछ बढ़े हैं। इसके बावजूद त्योहार को लेकर लोगों में उत्साह बरकरार है। व्यापारी उम्मीद जता रहे हैं कि आने वाले दिनों में बिक्री और बढ़ेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार