अलवर में हीटवेव अलर्ट: जिला प्रशासन की एडवाइजरी जारी,

 


अलवर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव (लू) के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार लू एवं तापघात से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि जनहानि रोकने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। आमजन को मौसम की ताजा जानकारी रेडियो, टीवी, समाचार पत्र या मोबाइल ऐप के माध्यम से लेते रहने की सलाह दी गई है।

एडवाइजरी में गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने के साथ-साथ ओआरएस, छाछ, लस्सी और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों के सेवन पर जोर दिया गया है। लोगों को हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने, सिर को ढककर रखने, धूप का चश्मा लगाने और सनस्क्रीन के उपयोग की भी सलाह दी गई है।

श्रमिकों और नियोक्ताओं के लिए विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि कार्यस्थलों पर ठंडे पानी, छाया, प्राथमिक उपचार किट और ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही भारी कार्य सुबह या शाम के समय कराए जाएं तथा दोपहर में श्रमिकों को विश्राम दिया जाए।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बच्चों और पालतू जानवरों को कभी भी बंद वाहनों में अकेला न छोड़ा जाए। घरों को ठंडा रखने के लिए पंखों, गीले कपड़ों और ठंडे पानी से स्नान जैसे उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। पर्यावरण संरक्षण के तहत पेड़ लगाने और कचरा नहीं जलाने की अपील भी की गई है।

लू से प्रभावित व्यक्ति के प्राथमिक उपचार के बारे में बताया गया है कि शरीर का तापमान तुरंत कम किया जाए, सिर पर गीला कपड़ा रखा जाए और ओआरएस या शरबत दिया जाए। स्थिति गंभीर होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या उच्च स्तरीय अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई है।

पशुपालकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पशुओं को छाया में रखने, पर्याप्त ठंडा पानी उपलब्ध कराने और दोपहर के समय उनसे काम नहीं लेने को कहा गया है।

प्रशासन ने आमजन से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, भारी काम से बचने तथा कैफीन और अल्कोहल के सेवन से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार