अलवर में मुख्यमंत्री रोजगार मेला 28 फरवरी को होगा
अलवर , 26 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री रोजगार मेले के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शनिवार, 28 फरवरी को प्रातः 11 बजे से प्रताप ऑडिटोरियम में होगा। इस दौरान जिला स्तर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में अजमेर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअली प्रसारण किया जावेगा।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्य आवंटित करते हुए समुचित तैयारी यथासमय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके लिये अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम के पर्यवेक्षण में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नोडल अधिकारी एवं उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सह नोडल तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक को तकनीकी नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले नवनियुक्त कार्मिकों का कार्यक्रम स्थल पर पंजीकरण करने के साथ ही नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार