अलवर में नगर निकाय चुनाव को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा की संगठनात्मक बैठक, कार्यकर्ताओं से बोले- जीत के लिए जुट जाएं
अलवर , 07 सितंबर (हि.स.)। आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज अलवर में भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शहरों का समग्र और सतत विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि अलवर सहित राजस्थान के सभी शहरों को आधुनिक, स्वच्छ और समृद्ध बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूती पर विश्वास जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम, संगठन की शक्ति और जनता का आशीर्वाद मिलकर नगर निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत सुनिश्चित करेगा।
बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और चुनावी रणनीति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार