उचित मूल्य दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण

 


विभिन्न ग्राम पंचायतों में नए उचित मूल्य दुकानदार नियुक्त

जोधपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के आदेशों की पालना में जिला रसद अधिकारी (प्रथम) जोधपुर कार्यालय के क्षेत्राधिकार में रिक्त एवं नवसृजित उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। आवंटन प्रक्रिया के तहत संबंधित तहसील स्तर पर गठित उचित मूल्य दुकान आवंटन सलाहकार समितियों की बैठकें नियमानुसार आयोजित की गईं। इन बैठकों में विभागीय नियमों में निहित प्रावधानों तथा निर्धारित प्राथमिकता श्रेणियों के अनुरूप बहुमत से की गई अनुशंसाओं एवं पात्रता के आधार पर विभिन्न स्थानों के लिए चयनित आवेदकों को विनिर्दिष्ट समस्त शर्तों के अधीन उचित मूल्य दुकानदार नियुक्त किया गया है।

जिला रसद अधिकारी (प्रथम) जोधपुर अंजुम ताहिर सम्मा के आदेशानुसार तहसील झंवर की ग्राम पंचायत/स्थान मेबला के लिए महिपाल सिंह, ग्राम पंचायत/स्थान नारनाडी-1 के लिए मंजू कंवर तथा ग्राम पंचायत/स्थान लूणावास जाटान के लिए लक्ष्मणराम को उचित मूल्य दुकानदार नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार तहसील बावड़ी की ग्राम पंचायत/स्थान जैतियावास के लिए रिनुकंवर तथा तहसील जोधपुर की ग्राम पंचायत/स्थान दांतिवाड़ा के लिए कैलाश को उचित मूल्य दुकानदार नियुक्त किया गया है।

आदेशानुसार चयनित आवेदकों में से क्रम संख्या 4 द्वारा कम्प्यूटर में आरकेसीए (आरएससीआईटी) अथवा अन्य समकक्ष सरकारी संस्थान का तीन माह का आधारभूत प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र निर्धारित अवधि में प्रस्तुत किए जाने पर ही प्राधिकार पत्र जारी किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में नियुक्ति स्वत: निरस्त मानी जाएगी। साथ ही नव नियुक्त उचित मूल्य दुकानदारों को निर्धारित प्रतिभूति राशि तथा दुकान का किरायानामा/मालिकाना दस्तावेज एवं ब्लू प्रिंट नक्शा (यदि आवेदन पत्र के साथ संलग्न रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया हो) आदेश प्राप्ति के सात दिवस के भीतर कार्यालय जिला रसद अधिकारी (प्रथम), जोधपुर में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। नियत समय में प्रतिभूति राशि एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में नियुक्ति स्वत: निरस्त मानी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश