एलियांस हैकाथॉन में दिखा भविष्य का तकनीकी संसार
जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक्स को तकनीकी नवाचार एवं विकास की प्रमुख ताकत बनाने की दिशा में आयोजित एलियांस हैकाथॉन-26 का आयोजन हुआ। जयपुर में आयोजित इस 24 घंटे के नॉन-स्टॉप हैकाथॉन में युवा प्रतिभागियों ने वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एआई, रोबोटिक्स, कंप्यूटर विजन, सेंसर और ऑटोमेशन तकनीक का इस्तेमाल किया।
हैकाथॉन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय मेंटर्स की ओर से दिए गए विभिन्न समस्या-विवरणों पर नवाचार आधारित समाधान तैयार करना था। दो दिवसीय आयोजित रोबोटिक्स संस्करण में प्रतिभागियों ने लगातार 24 घंटे काम करते हुए रोबोटिक प्रोटोटाइप तैयार किए और उनका लाइव प्रदर्शन किया। इसमें मशीनों की परिस्थितियों को समझने, निर्णय लेने और उसके आधार पर कार्य करने की क्षमता को प्रमुखता दी गई।
एलिया आई टी सॉल्यूशंस फाउंडर आशुतोष भाटिया ने बताया कि एलियांस हैकाथॉन का यह चौथा संस्करण था। इसके पूर्व संस्करण 2023, 2024 और 2025 में आयोजित किए जा चुके हैं। इस वर्ष हैकाथॉन का थीम ‘एआई से संचालित रोबोटिक्स के नए समाधान’ रखा गया। आयोजन ने शहर के तकनीक प्रेमियों और युवा नवाचारकर्ताओं में खासा उत्साह पैदा किया।
एलिया आईटी सॉल्यूशंस के संस्थापक आशुतोष भाटिया और सीईओ मेघा भाटिया ने बताया कि एआई और रोबोटिक्स आधारित नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस चुनौती का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता 25 से 26 सितंबर तक राजापार्क स्थित कंपनी के विकास केंद्र में हुई। आयोजन में बेहतर प्रदर्शन करने वाली विजेता टीम को नकद पुरस्कार दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश