सरकारी स्कूल की छात्राओं से कथित अश्लील हरकत मामलाः एक शिक्षक गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
अजमेर, 31 जुलाई(हि.स.)। जिले की पीसांगन स्थित सरकारी विद्यालय में दो छात्राओं से कथित छेड़छाड़ और अश्लील चैट के मामले में पुलिस ने एक आरोपित शिक्षक पीसांगन निवासी अली मोहम्मद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद दूसरा आरोपित शिक्षक अजमेर निवासी ललित कुमार अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जांच अधिकारी एवं सीओ गोमाराम ने बताया कि छात्राओं के साथ कथित अश्लील हरकत और अश्लील चैट के आरोप में थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान एक आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गौरतलब है कि 24 जुलाई को इस मामले के सामने आने के बाद दोनों शिक्षकों को पहले विद्यालय से हटाया गया और बाद में शिक्षा विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया था। इसके बाद 27 जुलाई को दूसरी छात्रा के पिता ने भी दोनों शिक्षकों के खिलाफ एक और मामला दर्ज कराया। मामले में कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग ने 29 जुलाई को विद्यालय की एक महिला शिक्षिका पिंकी यादव को भी निलंबित कर दिया। आरोप है कि उन्होंने छात्रा पर स्कूल की बदनामी का हवाला देते हुए चुप रहने का दबाव बनाया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। परिजनों की शिकायत के आधार पर विभाग ने यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपित शिक्षक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष