मंत्री गौतम दक का कथित ऑडियो वायरल, पुलिसकर्मियों पर नाराजगी के दौरान अभद्र भाषा के आरोप
चित्तौड़गढ़, 28 मई (हि.स.)। राजस्थान की राजनीति में जनप्रतिनिधियों की बयानबाजी अक्सर विवादों का कारण बनती रही है। अब चित्तौड़गढ़ जिले से एक नया मामला सामने आया है। राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री और बड़ी सादड़ी विधायक गौतम दक का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ईटीवी भारत वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कथित ऑडियो को डूंगला थाने से जुड़ा बताया जा रहा है। ऑडियो में मंत्री गौतम दक कथित रूप से थाने के कांस्टेबल सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर नाराजगी जताते सुनाई दे रहे हैं। वायरल ऑडियो में गुस्से के दौरान गाली-गलौज और आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल की भी बात सामने आ रही है। चर्चा है कि 3 मिनट के इस कथित ऑडियो में 17 बार गालियों का प्रयोग किया गया है। इधर, सहकारिता मंत्री गौतम दक ने ऑडियो में अपनी आवाज होने से इंकार कर दिया हैं। वहीं थानाधिकारी शैतानसिंह का कहना है कि मंत्री थाने के बाहर आए और किसी बात से नाराज थे लेकिन कोई खास बात नहीं हुई।
एसएचओ और कांस्टेबल की कार्यशैली से नाराजगी की चर्चा
जानकारी के अनुसार मंत्री दक डूंगला थाने के एसएचओ शैतान सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण और विष्णु की कार्यशैली से नाराज दिखाई दिए। इसके बाद उनका गुस्सा इस कथित ऑडियो में सुनाई देने की बात कही जा रही है। वायरल ऑडियो का मामला सोमवार का बताया जा रहा है जब मंत्री दक डूंगला थाने पहुंचे थे।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
चित्तौड़गढ़ जिले की राजनीति में इससे पहले भी कांग्रेस के बेगूं विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी अपने बयानों और विवादित भाषा शैली को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। अब मंत्री गौतम दक का यह कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल