सांगानेर सीईटीपी व द्रव्यवती क्षेत्र का निरीक्षण, दोषी उद्योगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जयपुर, 29 मार्च (हि.स.)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को सांगानेर स्थित कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) एवं द्रव्यवती नदी क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सांगानेर एनवायरों प्रोजेक्ट डेवलपमेंट को ब्राह्मणों की ग्वार में प्रस्तावित पंपिंग स्टेशन का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि शेष 134 उद्योगों को सीईटीपी से जोड़ा जा सके। उन्होंने सीईटीपी संचालन में आ रही तकनीकी खामियों के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल को प्रभावी कदम उठाने को कहा, ताकि द्रव्यवती नदी में प्रदूषित जल प्रवाह की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही सीईटीपी से जुड़े सभी वस्त्र प्रसंस्करण उद्योगों को मंडल से अनिवार्य अनुमति लेकर ही संचालन करने के निर्देश दिए गए।
सांगानेर एनवायरों प्रोजेक्ट डेवलपमेंट के निदेशक प्रवीण शाह ने बताया कि 12.3 एमएलडी क्षमता वाले सीईटीपी से वर्तमान में 892 में से 758 वस्त्र प्रसंस्करण उद्योग जुड़े हैं, जबकि शेष उद्योग पंपिंग स्टेशन निर्माण के बाद जोड़े जाएंगे।
यह निरीक्षण 28 मार्च को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना में किया गया। इस दौरान राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जयपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश