अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जयपुर संभाग की तीन सत्र में बैठक संपन्न
जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा), जयपुर संभाग की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कंवर नगर (जयपुर) में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष जयपुर संभाग अर्जुन सिंह जाट ने की एवं संभाग पालक व प्रदेश महिला मंत्री गीता जैलिया का सानिध्य प्राप्त हुआ।
बैठक के प्रथम सत्र में प्रदेश संयुक्त मंत्री देवेंद्र शर्मा ने कहा कि राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक, शिक्षक हित में समाज के ध्येय वाक्य को आधार बनाकर प्रत्येक कार्यकर्ता को कार्य करना है। संगठन को ब्लॉक (खण्ड) स्तर तक सक्रिय व वास्तविक स्वरूप देना होगा।
हरीश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि हमेशा 'सत्यमेव जयते' की ही विजय होती है। शिक्षक को देशहित में कार्य करते हुए सनातन परंपरा व संस्कारों का बीजारोपण बच्चों में करना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षा के व्यापारीकरण को मुक्त कर बच्चे का सर्वांगीण विकास करना ही शिक्षक की मुख्य भूमिका है।
द्वितीय सत्र में नोरंग सहाय भारतीय ने केरल सरकार द्वारा स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर पर प्रश्न पूछने के कारण शिक्षक गुरु प्रसाद के निलंबन का मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाया।
पूर्व में संगठन की महामंत्री गीता भट्ट द्वारा केरल के राज्यपाल महोदय को ज्ञापन देकर निलंबन रद्द करने की मांग की गई थी।
निलंबन वापस न होने के विरोध में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा पूरे देश में जिला स्तर पर 17 अगस्त 2026 को विशाल धरना-प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव