पचास से अधिक बटुकों ने लिया ब्राह्मणत्व का संकल्प

 


जोधपुर, 20 अप्रैल हि.स.)। सर्व ब्राह्मण की ओर से निशुल्क यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन सोमवार को श्री सुमेर पुष्टिकर स्कूल जालोरी गेट में पं. नवरतन अग्निहोत्री के सान्निध्य में किया गया।

आचार्य पंडित नवरतन अग्निहोत्री महाराज ने बताया कि श्री पुष्टिकर एजुकेशन ट्रस्ट, संस्कृति समृद्धि संस्थान, स्वामी ईश्वरानंद गिरि वैदिक गुरुकुल आयोजन समिति के सहयोग से सामूहिक यज्ञोपवीत का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि मनुष्य जीवन के सोलह संस्कारों में एक प्रमुख संस्कार यज्ञोपवीत संस्कार भी है। शास्त्रों के अनुसार यज्ञोपवीत संस्कार के पश्चात वेदपाठ, यज्ञ ईत्यादि में शामिल हो कर वैदिक कार्य करने के लिए भी योग्य माना जाता है। यह ब्रह्मचर्य में प्रवेश करने की एक प्रमुख कड़ी है जिससे सुसंस्कृत होकर बालक अपने परिवार और राष्ट्र के लिए कार्य करने के लिए प्रवृत होता है।

आज आयोजित हुई इस सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार में मुख्य यजमान डॉ. अमित व्यास एवं सुनीता व्यास की उपस्थिति में पचास से अधिक बटुकों ने यज्ञोपवीत धारण कर ब्राह्मणत्व का संकल्प लिया। वहीं सुमेर पुष्टिकर स्कूल में स्थित मां सरस्वती के मंदिर की स्थापना को भी आज सौ वर्ष पूर्ण होने पर विशेष पूजा अर्चना की गई।

इस आयोजन में श्री पुष्टिकर एजुकेशन ट्रस्ट के आनंद पुरोहित, शांति प्रसाद, ओमप्रकाश लोहार, गुरुदत्त पुरोहित व सभी ट्रस्टीगणों के साथ संस्कृति समृद्धि संस्थान के डॉ. अमित व्यास, त्रिलोक वैष्णव, अनमोल कल्ला, पंडित ओम श्री राम और स्वामी ईश्वरानन्द गिरी वैदिक गुरुकुल से राजेश कल्ला, शेखर थानवी, सुनील दाधीच, भाजपा खांडा फ़लसा मंडल अध्यक्ष अरविंद पुरोहित भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की व्यवस्था में डॉक्टर नीतेश व्यास, पंडित दिनेश बोहरा, अंकित छंगानी, धर्मेंद्र गज्जा, कैलाश, विजय कल्ला सुरेश अबोटी, हेमंत गौड़ एवं मीडिया प्रभारी अभिषेक पुरोहित का सहयोग रहा।

गर्मियों की छुट्टियों में वैदिक प्रशिक्षण एवं संस्कार शिविर :

समन्वयक डॉ. अमित व्यास ने बताया कि आगामी दिनों में होने वाली गर्मी की छुट्टियों में समाज की विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से आचार्य पंडित नवरत्न अग्निहोत्रि के सानिध्य में निशुल्क वैदिक प्रशिक्षण एवं संस्कार शिविर आयोजित किए जाएंगे जिसके तहत वेद अध्ययन, रुद्री पाठ, ओर संध्या वंदन का प्रशिक्षण देते हुए हमारे संस्कारों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश