राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 24 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

 




जयपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को हुई बारिश के बाद शुक्रवार को भी 24 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर 6 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट के साथ गर्मी और उमस से भी राहत मिलने के आसार हैं।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को सवाई माधोपुर, बारां, भरतपुर, धौलपुर, अलवर और करौली में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई।

भरतपुर के उच्चैन में सर्वाधिक 54 मिलीमीटर बारिश हुई। तेज बारिश के कारण भरतपुर और धौलपुर में कई जगह सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बूंदी, बारां, कोटा, दौसा और जयपुर के कई क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश मापी गई।

बारिश और बादलों के कारण प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आ गई।

अलवर, भीलवाड़ा, कोटा और करौली में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। कोटा में दिन का तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज मापा गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं श्रीगंगानगर 39.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नए सिस्टम का प्रभाव शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा।

भरतपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा संभाग के अनेक इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित