अक्षय तृतीया: गोविंद देव जी ने धारण की केसरिया धोती

 


जयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। ठिकाना मंदिर गोविंद देव जी में अक्षय तृतीया का पावन पर्व भक्तिभाव से उत्सव चंदन यात्रा के रूप में मनाया गया। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह मंगला झांकी के बाद ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक कर शीतलता प्रदान करने के लिए विशेष केसर युक्त चंदन का लेप किया गया और फव्वारा सेवा की गई। गोविंद देव जी मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि अक्षय तृतीया पर ठाकुरजी को पीले रंग की धोती और दुपट्टा धारण करवाया गया। ठाकुरजी के सिर पेच हटाकर कलंगी श्रृंगार हुआ। इसके बाद ठाकुर जी को ठंडे व्यंजनों में शर्बत, ठंडाई, सत्तु, भीगी हुई चना दाल और पंचमेवा के साथ तरबूज का भोग लगाया गया।

मंदिर प्रबंधक मानस गोस्वामी ने बताया कि चंदन यात्रा उत्सव के लिए जो चंदन लेप किया गया उस चंदन की तैयारी एक माह पूर्व ही प्रारंभ कर दी थी। श्रीजी को नवीन केसरिया धोती और दुपट्टा धारण कराकर गर्भ गृह में कूलर और पंखा सेवा भी प्रारंभ की गई। गर्मी अधिक होने के कारण ठाकुरजी को शीतल व्यंजनों का भोग लगना शुरू हुआ। ठाकुरजी को पांच तरह के ऋतु फलों और मोतिया बेसन लड्डू का भोग लगाया गया। अक्षय तृतीया से ठाकुरजी की पोशाक सेवा में परिवर्तन हो गया है। अब ठाकुरजी धोती और दुपट्टा धारण करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश