जोधपुर अक्षरधाम मंदिर में 6 से 10 नवम्बर तक मनाया जाएगा भव्य दीपावली उत्सव

 


जोधपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के कालीबेरी स्थित श्री स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में इस वर्ष दीपावली एवं अन्नकूट उत्सव का आयोजन 6 से 10 नवम्बर 2026 तक हुआ है। परम पूज्य महंतस्वामी महाराज की प्रेरणा से आयोजित हो रहे इस उत्सव की पूर्व तैयारियों में भक्त समुदाय ज़ोर-शोर से सेवाकार्य में जुट गया है। इस अवसर पर मंदिर को रंगोली, रंग-बिरंगी पताकाओं, फूलों और दीपों से सजाया जा रहा है। जोधपुर मंदिर में यह उत्सव भक्तिमय उल्लास और पूरी भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

मंदिर के मुख्य प्रभारी संत पूज्य श्वेतप्रकाश स्वामी ने बताया कि अक्षरधाम संस्थान के द्वारा पूरे विश्व में 1800 मंदिरों में प्रतिवर्ष दीपावली और अन्नकूट उत्सव बड़े ही भव्यता से मनाया जाता है। इस बार जोधपुर में भी यह उत्सव बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा, इसके लिए रोज सैकड़ों स्वयंसेवक सेवा में जुटे हुए हैं।

शुक्रवार, 6 नवम्बर 2026 को धनतेरस (श्री लक्ष्मी पूजन); पूजन विधि: सायं 6:15 बजे होगा। शनिवार, 7 नवम्बर को रूप चौदस (श्री हनुमानजी पूजन); पूजन विधि: सायं 6.15 बजे किया जाएगा। साथ ही रविवार, 8 नवम्बर को दीपावली उत्सव एवं शारदा (बहिखाता) पूजन; पूजन विधि: सायं 5:30 बजे; दीपोत्सव: सायं 7 बजे होगा। मंगलवार को अन्नकूट उत्सव एवं श्री गोवर्धन पूजन; अन्नकूट दर्शन: प्रात: 11:00 बजे से सायं 8 बजे तक आयोजित होगा।

10 नवम्बर को प्रात: 11 बजे से मंदिर में श्री अन्नकूट दर्शन प्रारम्भ होंगे, जिसमें ठाकुरजी के समक्ष विविध प्रकार के सात्त्विक व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। साथ ही श्री गोवर्धन पूजन भी होगा। अन्नकूट दर्शन सायं 8 बजे तक चलेंगे।

स्वामिनारायण संप्रदाय में भगवान श्री स्वामिनारायण के समय से ही हिन्दू धर्म के सभी उत्सवों को अपार श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाने की परंपरा चली आ रही है, जिसे आज भी विश्वभर के बीएपीएस मंदिरों में निरन्तर जारी रखा गया है। संतों-महंतों की पावन उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस पाँच दिवसीय धार्मिक महोत्सव में भाग लेने के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश