अजमेर का 50 साल पुराना बस स्टैंड बदलेगा रूप, 70 करोड़ से बनेगा आधुनिक परिवहन केंद्र

 


अजमेर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। करीब पांच दशक से परिवहन व्यवस्था का प्रमुख केंद्र बना अजमेर का केंद्रीय बस स्टैंड अब नए स्वरूप में नजर आएगा। दीपावली से पहले राज्य सरकार ने इसके पुनर्विकास की योजना को आगे बढ़ाते हुए लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस स्टैंड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। अजमेर विकास प्राधिकरण (एडीए) को इस परियोजना की कार्यकारी एजेंसी नियुक्त किया गया है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पहल पर तैयार होने वाली इस योजना में अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर यात्री सुविधाओं, बस संचालन और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने रविवार को बस स्टैंड के पुनर्विकास को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। इसमें प्रस्तावित निर्माण योजना, भूमि की उपलब्धता, यात्री सुविधाओं और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। परियोजना से जुड़े पीडीकोर अधिकारियों ने नए बस स्टैंड के प्रस्तावित स्वरूप का प्रस्तुतिकरण भी दिया।

नए बस स्टैंड को केवल बसों के आवागमन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे आधुनिक परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

प्रस्तावित डिजाइन में ऊंचे प्लेटफॉर्म, डिजिटल डिस्प्ले और बसों की वास्तविक समय में लोकेशन की जानकारी देने वाली व्यवस्था शामिल होगी। इससे यात्रियों को बसों की स्थिति जानने और अपनी निर्धारित बस तक पहुंचने में सुविधा मिल सकेगी।

योजना के तहत ई-बस चार्जिंग स्टेशन, डीजल पंप और आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालयों की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। वॉल्वो, वातानुकूलित बसों तथा विभिन्न शहरों के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि बसों का संचालन व्यवस्थित हो और यात्रियों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिले।

बस स्टैंड के नए स्वरूप में यात्री सुविधाओं के साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जाएगा।

प्रस्तावित योजना में उद्यान, आकर्षक प्रतिमाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक संरचनाएं शामिल होंगी। प्रतीक्षालयों को सुविधाजनक बनाने के साथ बसों की आवाजाही और यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित करने पर जोर रहेगा।

इस परियोजना का उद्देश्य बढ़ते यात्री दबाव और भविष्य की परिवहन जरूरतों के अनुरूप परिसर को विकसित करना है, ताकि अजमेर आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

बस स्टैंड के पुनर्विकास के लिए मौजूदा वर्कशॉप को जयपुर रोड पर स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए रोडवेज की ओर से अजमेर विकास प्राधिकरण को कुछ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।

भूमि हस्तांतरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जाएगा। वर्कशॉप के स्थानांतरण से वर्तमान बस स्टैंड परिसर में अधिक जगह उपलब्ध हो सकेगी, जिसका उपयोग यात्री सुविधाओं के विस्तार और बस संचालन को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकेगा।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना को सभी संबंधित विभागों के समन्वय से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने आधुनिक तकनीक, यात्रियों की सुविधा, सुगम यातायात और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम और पीडीकोर के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद देवनानी ने केंद्रीय बस स्टैंड का निरीक्षण भी किया और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित