अजमेर में दीपावली पर आग लगने की 30 घटनाएं, दमकल विभाग की मुस्तैदी से टले बड़े हादसे
आगरा गेट होटल में पांच गैस सिलेंडरों के बीच लगी आग से मचा हड़कंप, गोविंद नगर के टेंट हाउस में भीषण आग से भारी नुकसान
अजमेर, 10 नवम्बर हि.सं.। दीपावली के त्योहार पर अजमेर शहर में आगजनी की करीब 30 छोटी-बड़ी घटनाएं सामने आईं। कचरे के ढेरों, खाली प्लॉटों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आग लगने की सूचनाओं से दमकल विभाग लगातार अलर्ट रहा। लीडिंग फायरमैन भागचंद सिंह रावत ने बताया की अग्निशमन विभाग की तत्परता से कई स्थानों पर आग को समय रहते फैलने से रोक लिया गया।
सबसे गंभीर घटना आगरा गेट स्थित एक होटल में हुई, जहां केबिन में आग लग गई। यहां पांच गैस सिलेंडर रखे हुए थे। दमकल की 4 से 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायरकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में कुछ सामान जल गया और कुछ लोग हल्के झुलस गए। आग बुझाने के दौरान फायरकर्मी नरपत सिंह भी सीढ़ियों से फिसलकर घायल हो गए।
वहीं, गोविंद नगर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में टेंट हाउस की दुकान में भीषण आग लग गई। पांच दमकल गाड़ियों ने कई फेरे लगाकर आग पर काबू पाया। कोटड़ा के पसंद नगर क्षेत्र में जियो फाइबर केबलों के बंडलों में लगी आग को भी दो दमकल गाड़ियों ने बुझाया।
लगातार घटनाओं के बावजूद दमकल विभाग की मुस्तैदी से अजमेर में कोई बड़ा हादसा और जनहानि नहीं हुई।
किशनगढ़ के फतेहलाल नगर में देर रात एक खाली प्लॉट में रखे गैस पाइपलाइन के स्टॉक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी डीडब्ल्यूपीएस स्कूल की बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से स्कूल की एक बस पूरी तरह जलकर कबाड़ हो गई, जबकि पास में खड़ी दूसरी बस को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं थाना प्रभारी भवानी सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। देर रात हुई इस आगजनी की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष