अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर, एसआईजी बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा
अजमेर, 23 जुलाई(हि.स.)। अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्टेशन प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्टेशन इंप्रूवमेंट ग्रुप (एसआईजी) की बैठक मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में स्टेशन विकास, सुरक्षा, स्वच्छता तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर स्वाति जैन, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर रामावतार मीना, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर मनोज मीना, मंडल इंजीनियर अंशुल भारती, मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र कुमार, स्टेशन प्रबंधक रवीश कुमार सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों के साथ अजमेर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज, प्रवेश एवं निकास द्वारों सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेशन पर प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, टिकट काउंटरों की पर्याप्त व्यवस्था रहे तथा पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का उच्च स्तर पर रखरखाव किया जाए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इन पहलुओं पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष