अजमेर में नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना सोमवार को

 


अजमेर, 11 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में मतदान के बाद मतगणना सोमवार, 14 सितंबर को होगी। जिला प्रशासन ने मतगणना के लिए अधिकारियों की नियुक्ति कर जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। मतगणना दलों का प्रशिक्षण 12 सितंबर को होगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल ने बताया कि नगर निगम अजमेर की मतगणना राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, माखुपुरा में होगी। नगर निगम के 80 वार्डों की मतगणना के लिए अलग-अलग सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वार्ड संख्या 1 से 13 की मतगणना सात टेबलों पर सुबह आठ बजे से शुरू होगी, जबकि अन्य वार्डों की मतगणना सुबह 8.15 बजे से होगी।

वार्ड संख्या 1 से 13 के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) प्रवीण कुमार, वार्ड 14 से 26 के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण की उपायुक्त (पुष्कर अनुभाग) शीला चौधरी, वार्ड 27 से 39 के लिए तहसीलदार (भू-अभिलेख) रमेश वर्मा, वार्ड 40 से 52 के लिए अजमेर विकास प्राधिकरण के तहसीलदार महेश शेषमा, वार्ड 53 से 66 के लिए उपखण्ड अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट अजमेर पदमा चौधरी तथा वार्ड 67 से 80 के लिए सहायक कलक्टर मुख्यालय दिव्या सोनी को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

वार्ड 1 से 13 के लिए सात, वार्ड 14 से 26 के लिए सात, वार्ड 27 से 39 के लिए सात, वार्ड 40 से 52 के लिए छह तथा वार्ड 53 से 66 और 67 से 80 के लिए सात-सात गणना टेबल लगाई गई हैं। डाक मतपत्रों की गणना भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार की जाएगी।

नगर परिषद किशनगढ़ की मतगणना कंवर लाल पाटनी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कमरा संख्या 225 में होगी। नगर परिषद पुष्कर की मतगणना खादी ग्रामोद्योग भवन के हॉल, नगरपालिका नसीराबाद की गोविन्द सिंह गुर्जर राजकीय महाविद्यालय के सभागार, पीसांगन की पंचायत समिति सभागार, सावर की राजकीय महाविद्यालय के कमरा संख्या 10, सरवाड़ की पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के कमरा संख्या 18, केकड़ी की राजकीय महाविद्यालय के कमरा संख्या 16 तथा टांटोटी की राजकीय महाविद्यालय के कमरा संख्या 5 में होगी।

अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 15 सितंबर को निर्वाचित सदस्यों को बैठक का नोटिस दिया जाएगा। नामांकन की अंतिम तिथि 16 सितंबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर दोपहर तीन बजे तक रहेगी। इसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए मतदान 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। आवश्यक होने पर मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। नामांकन सुबह 11 बजे तक, संवीक्षा 11.30 बजे से और अभ्यर्थिता वापसी दोपहर दो बजे तक होगी। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 2.30 से शाम पांच बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष