अजमेर में नौ दिवसीय गांधी महोत्सव शुरू, सत्य और अहिंसा से विश्व शांति का संदेश

 




अजमेर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अजमेर के नागरिकों की पहल पर आयोजित नौ दिवसीय गांधी महोत्सव का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। गांधी महोत्सव समिति के तत्वावधान में पहले दिन केंद्रीय कारागृह, महिला जेल, सेंट पॉल्स स्कूल और राजकीय विधि महाविद्यालय में गांधी परिसंवाद आयोजित किए गए।

केंद्रीय कारागृह में आयोजित परिसंवाद में शिक्षाविद एवं कवि डॉ. अनंत भटनागर ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से ब्रिटिश सत्ता का मुकाबला कर यह सिद्ध किया कि अहिंसा के रास्ते से भी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष जारी हैं। सत्य, अहिंसा, सद्भाव और करुणा के माध्यम से ही विश्व शांति की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

डॉ. सुरेश अग्रवाल ने गांधी के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए विभिन्न धर्मों, जातियों और समुदायों के बीच आपसी सौहार्द की जरूरत बताई। जेल अधीक्षक आर. अनंतेश्वरन ने कहा कि गांधी के विचारों को अपनाकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। परिसंवाद में सिस्टर कैरोल गीता, राजेंद्र मेहता, पूनम पांडे, संदीप पांडे, रीमा राठौड़, मैरी सदमुहा और नमीरा पठान भी मौजूद रहे।

महिला जेल में हुए परिसंवाद में मुख्य वक्ता डॉ. पिंकी योगी ने कहा कि गांधी ने मनुष्य को अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने और सही-गलत के बीच विवेकपूर्ण निर्णय लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने महिला बंदियों से अपनी क्षमताओं और गुणों को पहचानने का आग्रह किया।

सेंट पॉल्स स्कूल में गांधीवादी विचारक एवं कवि रास बिहारी गौड़ ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को गांधी के बचपन तथा छात्र जीवन से जुड़े प्रसंग सुनाए। उन्होंने कहा कि गांधी के प्रारंभिक जीवन के अनुभवों ने उनके व्यक्तित्व को आकार दिया। सच बोलने की आदत ने उनमें साहस पैदा किया और शाकाहार से जुड़े प्रयोगों ने अहिंसा की समझ विकसित करने में भूमिका निभाई।

राजकीय विधि महाविद्यालय में डॉ. पिंकी योगी ने गांधी के बैरिस्टर जीवन से जुड़े प्रसंग साझा किए। उन्होंने बताया कि गांधी ने आम व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए समाज सेवा का रास्ता अपनाया। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. विभा शर्मा, रेनू और रेखा नरुका मौजूद रहीं।

गांधी महोत्सव के तहत 3 अक्टूबर को सेंट्रल एकेडमी, सेंट स्टीवंज, न्यू पैटर्न पब्लिक स्कूल और सावन पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष