अजमेर में फाइलें ले जाने के मामले में कांग्रेस ने एसपी को शिकायत दी
अजमेर, 18 सितंबर (हि.स.)। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निकाय चुनाव के दौरान प्रशासनिक तंत्र के कथित दुरुपयोग के विरोध में प्रदर्शन किया और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि 16 सितंबर की रात आदर्श आचार संहिता के दौरान पुराने नगर निगम कार्यालय से फाइलें और दस्तावेज कथित तौर पर गाड़ियों में भरकर ले जाए गए। इस मामले में नामजद शिकायत और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरने के दौरान सुंदरकांड, रामधुनी और हनुमान चालीसा का पाठ किया। करीब दो घंटे बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने उन्हें लिखित शिकायत सौंपी। कांग्रेस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी। पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पर निष्पक्ष एवं उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन में पूर्व सांसद प्रत्याशी रामचन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक श्रीगोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह रलावता, विजय जैन, राजेश टंडन, प्रताप यादव, विवेक पाराशर, फखरे मोइन, नवदीप टुटेजा, सुनील लारा और प्रवक्ता शैलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष