अजमेर भाजपा महिला मोर्चा ने सांसदों के चित्र वाले पुतले को जूते—चप्पलों से पीट कर जलाया
अजमेर, 23 अप्रेल(हि.स.)। नारी वंदन अधिनियम को संसद में पारित नहीं होने देने के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर उग्र प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचते ही कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस सांसदों के चित्र लगाकर बनाए गए रावण के पुतले को पहले जूते और चप्पलों से पीटा गया, बाद में उसमें आग लगा दी गई। कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने इतना उग्र प्रदर्शन किया कि वे पुलिस की लगाई बैरिकेड्स पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगी। महिलाओं ने हाथों में कांग्रेस के विरोध और केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के समर्थन में तख्तियां पकड़ रखी थी। महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया हुआ था।
भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मधु शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाए गए नारी वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस ने महिलाओं के अधिकारों और सशक्तीकरण को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी को सीमित करने का काम किया है। महिलाओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। कांग्रेस सहित विपक्ष द्वारा इसका विरोध करना महिलाओं के अधिकारों के प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैया दर्शाता है जिससे देश भर में मातृशक्ति में आक्रोश है। इस दौरान प्रदेश मंत्री सीमा अखावत, पूर्व अध्यक्ष सीमा गोस्वामी व वनिता जैमन, शहर जिला मंत्री बीना टांक व भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, जिला महामंत्री राजेश घाटे, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद गिरधर शर्मा सहित अनेक महिला पदाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष