वाहन रैली और ध्वजारोहण के साथ श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव शुरू
अजमेर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत शुक्रवार को वाहन रैली और ध्वजारोहण के साथ 12 दिवसीय कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। वाहन रैली सीताराम बाजार से शुरू होकर अग्रसेन सर्किल होते हुए अग्रवाल पाठशाला भवन पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं शामिल हुए।
श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव समिति के मुख्य संयोजक अशोक पंसारी और लोकेश अग्रवाल ने बताया कि रैली में शामिल लोगों ने भगवा टी-शर्ट और महिलाओं ने भगवा साफे पहन रखे थे। बच्चों ने साइकिलों पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रैली में ई-स्कूटर और चार पहिया वाहन भी शामिल रहे। विभिन्न स्थानों पर रैली का पुष्पवर्षा, पेय पदार्थ और अल्पाहार से स्वागत किया गया। रैली को समाजसेवी महेंद्र कुमार रामकिशोर भेरुंदिया, अशोक पंसारी, लोकेश अग्रवाल, सीताराम गोयल और गोपाल गोयल ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
अग्रवाल पाठशाला भवन परिसर में समाजसेवी अंकुल गोयल के मुख्य आतिथ्य में ध्वजारोहण कार्यक्रम हुआ। इससे पहले महाराजा अग्रसेन मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पाठशाला सभा के अध्यक्ष सीताराम गोयल ने की। स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मुख्य संयोजक अशोक पंसारी ने 12 दिवसीय महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि अंकुल गोयल और समाजसेवी महेंद्र कुमार रामकिशोर भेरुंदिया ने समाज में एकता और आपसी सहयोग पर जोर दिया।
महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को दोपहर तीन बजे अग्रवाल पाठशाला भवन में महिला खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। समिति के मुख्य संयोजक अशोक पंसारी और लोकेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कौशल्या गर्ग और निशा गर्ग होंगी। प्रतियोगिता का संयोजन महाराजा अग्रसेन महिला समिति की अध्यक्ष प्रिया मंगल, सचिव पूनम खेतावत और उनकी टीम करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष