जोधपुर एयरपोर्ट पर मनाया यात्री सुविधा दिवस

 


जोधपुर, 15 जून (हि.स.)। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से सोमवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा दिवस मनाया गया। इस दौरान यात्रियों के स्वागत के साथ विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों का तिलक लगाकर और स्वागत किट देकर अभिनंदन किया गया। वहीं आगमन कक्ष में लोक नृत्य और लोक संगीत की प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई गई।

एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ. मनोज उनियाल ने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर में यात्री सेवा दिवस मनाया गया था, जबकि इस बार यात्री सुविधा दिवस जून में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रमों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के साथ एयरपोर्ट सुविधाओं और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर यात्री सुविधा दिवस के तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके साथ ही सामूहिक गायन और वंदे मातरम् का आयोजन भी हुआ। एयरपोर्ट पर कार्यरत एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों तथा अन्य हितधारकों के साथ केक काटकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

वहीं यात्रियों के मनोरंजन के लिए आगमन कक्ष में पूरे दिन सांस्कृतिक और लोकनृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। यात्रियों से उनके अनुभव और सुझाव भी लिए जाएंगे, ताकि जोधपुर एयरपोर्ट पर उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकें। इस अवसर पर नागरिक उड्डयन क्षेत्र में कार्यरत महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही एयरपोर्ट को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश