एचजेयू में ‘एआई और पत्रकारिता’ विषय पर हुआ विशेष व्याख्यान
जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव से पत्रकारिता के कार्य करने के तरीकों और रोजगार के स्वरूप में तेजी से बदलाव आ रहा है। नई तकनीक जहां पारंपरिक कार्यप्रणाली को बदल रही है, वहीं रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रही है। पत्रकारिता के विद्यार्थियों को तकनीक के साथ कदमताल करते हुए एआई के विभिन्न टूल्स की जानकारी हासिल करनी चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री जनसंपर्क प्रकोष्ठ, राजस्थान के उपनिदेशक आलोक आनंद ने बुधवार को हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय (एचजेयू) में आयोजित विशेष व्याख्यान में कही।
‘एआई और पत्रकारिता’ विषय पर आयोजित व्याख्यान की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नन्द किशोर पांडेय ने की। मुख्य वक्ता आलोक आनंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि एआई के माध्यम से समाचार सामग्री तैयार करने, संपादन और विभिन्न प्रकार के कंटेंट निर्माण में सहायता ली जा सकती है। हालांकि पत्रकारिता में मानवीय निगरानी और संपादकीय विवेक की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहेगी।
उन्होंने 'ह्यूमन-इन-द-लूप' मॉडल की जानकारी देते हुए कहा कि एआई से तैयार सामग्री की मानवीय निगरानी, तथ्य-जांच और मूल्यांकन जरूरी है। एआई को स्वतंत्र रूप से अंतिम निर्णय लेने देने के बजाय पूरी प्रक्रिया में मानवीय भूमिका बनाए रखना आवश्यक है।
आलोक आनंद ने एआई आधारित विभिन्न टूल्स और प्लेटफॉर्म की उपयोगिता पर चर्चा करते हुए पत्रकारिता में गेटकीपर की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक के तेजी से बदलते दौर में पत्रकारों के लिए एआई की कार्यप्रणाली को समझना और उसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना जरूरी है। तकनीक का सही इस्तेमाल पत्रकारिता की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ नए अवसरों के द्वार भी खोल सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश