खाटूश्यामजी में नॉन-वेंडिंग जोन में एआई से कटेगा चालान, विकास कार्यों को मिलेगी गति: कलेक्टर

 




सीकर, 12 अप्रैल (हि.स.)। सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा है कि खाटूश्यामजी में नॉन-वेंडिंग जोन में रेहड़ी-ठेला या दुकान लगाने वालों पर अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से स्वत: चालान काटे जाएंगे। इसके साथ ही प्रस्तावित रोपवे परियोजना पर नए सिरे से विचार किया जाएगा, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।

कलेक्टर मोदी ने रविवार को खाटूश्यामजी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आमजन से संवाद किया। उन्होंने कहा कि खाटू के समग्र विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। बैठक में व्यापार मंडल, स्थानीय संगठनों और श्रद्धालुओं के सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि सड़कों से अतिक्रमण हटाने, सीवरेज-ड्रेनेज व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों के लिए विभागवार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री स्तर पर भी खाटूश्यामजी के विकास को लेकर लगातार फीडबैक लिया जा रहा है और रुके हुए कार्य जल्द ही पुनः शुरू किए जाएंगे। बढ़ते श्रद्धालु आवागमन को देखते हुए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और उप-जिला अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

अतिक्रमण हटाने के मुद्दे पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पुलिस, नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने अतिक्रमण-मुक्त खाटू बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर प्रयास करने के निर्देश दिए।

जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग डीजीपी को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि लगभग एक सप्ताह में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता उपलब्ध हो जाएगा और यातायात थाने के प्रस्ताव पर भी कार्रवाई जारी है। फिलहाल ट्रैफिक प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

बैठक में खाटूवासियों ने कई मांगें रखीं, जिनमें निकास द्वार पर 40 फीट चौड़ा स्थायी रास्ता, कबूतर चौक क्षेत्र से अतिक्रमण हटाना, ट्रैफिक जाम का स्थायी समाधान, सीवरेज लाइन बिछाना, नॉन-वेंडिंग जोन का निर्धारण और रींगस से खाटू तक अधूरे पैदल मार्ग को पूरा करना शामिल है।

ग्रामीण मोहन मावलिया ने खाटू कस्बे में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को गंभीर बताते हुए रिंग रोड निर्माण की मांग की। इस पर कलेक्टर ने कहा कि रिंग रोड का प्रारंभिक कार्य शुरू हो चुका है और जल्द ही इसके लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश रामूका ने प्रस्तावित रोपवे परियोजना को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि मंदिर मैदानी क्षेत्र में स्थित होने के कारण इसकी आवश्यकता नहीं है। व्यापार मंडल अध्यक्ष सोनू जोशी और मंत्री श्याम सुंदर पूनिया ने मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाने और अस्थायी वेंडरों पर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने ई-रिक्शों के अनियंत्रित संचालन पर रोक लगाने की भी मांग उठाई।

बैठक में एडीएम (सिटी) भावना शर्मा, एडिशनल एसपी दीपक गर्ग, डीएसपी राव आनंद, श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल