गुरु पूर्णिमा पर अधिवक्ता परिषद ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं का किया सम्मान
जयपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अधिवक्ता परिषद राजस्थान की जयपुर प्रांत उच्च न्यायालय इकाई ने गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत रखते हुए वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान किया। इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किसी औपचारिक समारोह के बजाय वरिष्ठ अधिवक्ताओं के निजी चैंबर में पहुंचकर उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद लिया।
प्रांत महामंत्री अभिषेक सिंह ने बताया कि इस वर्ष परिषद ने विनम्रता और सम्मान की भावना के साथ वरिष्ठ अधिवक्ताओं के कार्यस्थल पर जाकर उनका अभिनंदन करने का निर्णय किया। इस पहल का उद्देश्य गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत करना और युवा अधिवक्ताओं को वरिष्ठों के अनुभवों से सीखने का अवसर उपलब्ध कराना था।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं के चैंबर में विधिक विषयों पर अनौपचारिक चर्चा भी हुई।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने इस पहल की सराहना करते हुए युवा अधिवक्ताओं को न्यायिक क्षेत्र में अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
इस अवसर पर इकाई की ओर से नेहा गोयल, धर्मेंद्र गुप्ता, सोनिया शांडिल्य, श्रुति पारीक, वैभव पारीक, नितिन जैन, धर्मेंद्र बराला सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित