अजमेर के केंद्रीय कारागृह का एडीएम ने किया औचक निरीक्षण

 


अजमेर, 16 मार्च (हि.स.)। अजमेर स्थित केंद्रीय कारागृह अजमेर में सोमवार को प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल परिसर के सभी वार्डों और बैरकों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध या प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली।

निरीक्षण में नरेन्द्र कुमार मीणा के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु, किशनगढ़ के आईपीएस अधिकारी अजय तथा सिविल लाइन थाना पुलिस के पुलिसकर्मी और अन्य अधिकारी शामिल रहे।

एडीएम नरेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जेल के प्रत्येक वार्ड और बैरक की बारीकी से जांच की गई। हालांकि तलाशी में किसी प्रकार की संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पूर्व में कभी-कभी जेल में मोबाइल फोन या अन्य अवांछित वस्तुएं मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन इस बार की जांच में ऐसी कोई चीज नहीं मिली।

उल्लेखनीय है कि निरीक्षण के दौरान एक साथ कई पुलिस वाहन केंद्रीय कारागृह परिसर पहुंचने से वहां कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। पुलिस वाहनों को देख मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुंच गए और प्रारंभ में आशंका जताई गई कि जेल में कोई विशेष घटना हुई है। बाद में एडीएम ने मीडिया को जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यह नियमित सुरक्षा व्यवस्था के तहत किया गया औचक निरीक्षण था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष