ट्रेन के शौचालय में एडीजे की पत्नी की मौत, साइलेंट हार्ट अटैक से गई जान
चित्तौड़गढ़, 05 मार्च (हि.स.)। जिले के निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की पत्नी की ट्रेन के शौचालय में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला का शव ट्रेन के शौचालय से मिलने के बाद रेलवे पुलिस और यात्रियों में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आया था, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार चौहान अपनी पत्नी उषा चौहान के साथ जोधपुर से चित्तौड़गढ़ आ रहे थे। दोनों ने काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस में यात्रा के लिए आरक्षण करवाया था, लेकिन दोनों अलग-अलग डिब्बों में बैठे थे। यह ट्रेन रात करीब साढ़े ग्यारह बजे जोधपुर के भगत की कोठी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे ट्रेन चित्तौड़गढ़ स्टेशन पहुंची तो राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी उषा उन्हें प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आई। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने रेलवे पुलिस को सूचना दी।
रेलवे पुलिस ने स्टेशन के निगरानी कैमरों की जांच की, लेकिन महिला किसी भी डिब्बे से उतरते हुए दिखाई नहीं दी।
इसके बाद पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन के आधार पर उसकी लोकेशन तलाश की, जो ट्रेन के अंदर ही बताई गई। तब तक ट्रेन चित्तौड़गढ़ से आगे निकल चुकी थी। रेलवे पुलिस ने आगे के स्टेशनों को सूचना दी। जब ट्रेन मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा स्टेशन पहुंची तो वहां रेलवे पुलिस ने संबंधित डिब्बे की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पता चला कि जिस समय ट्रेन चित्तौड़गढ़ पहुंचने वाली थी, उससे कुछ पहले उषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह शौचालय जा रही हैं।
इसके बाद पुलिस शौचालय की ओर पहुंची तो उसका दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो महिला अंदर अचेत अवस्था में पड़ी मिली।
महिला को तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आया था। घटना की सूचना मिलने पर नीमच रेलवे पुलिस थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद मृतका के पति राजकुमार चौहान और अन्य परिजन भी जावरा पहुंच गए।
परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव अपने साथ ले लिया। बताया जा रहा है कि महिला का अंतिम संस्कार जोधपुर में किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकुमार चौहान करीब पंद्रह महीने से निंबाहेड़ा में पदस्थ हैं। इस घटना के बाद न्यायिक क्षेत्र और परिचितों में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित