अधिकमास संपन्न, शुभ कार्य शुरू, मंदिर सजे, दान-पुण्य किया

 


जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। तीस दिवसीय अधिकमास का समापन हो गया है। इसी के साथ मंगलवार से शुभा कार्य भी शुरू हो गए। इस उपलक्ष में दान-पुण्य किया गया। साथ ही मंदिरों में सजावट भी की गई।

रातानाडा शिव रोड स्थित श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर में पूजापाठ, जल अभिषेक, बड पीपल का पूजन व 108 परिक्रमा लगाकर पूजा अर्चना की गई। मंदिर पुजारी ललिता जोशी के सान्निध्य में भगवान श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव का विभिन्न प्रकार के हरित पत्तों एवं पुष्पों से आकर्षक एवं मनमोहक श्री महाकाल का श्रृंगार किया गया।

इस अवसर पर मंदिर महिला मंडल द्वारा भगवान को मिश्रित प्रसाद का विशेष भोग अर्पित किया गया, जिसमें टॉफियां, बिस्किट, केसर पेड़े, केले, 108 आम सहित विभिन्न फल एवं 108 मालपुआ शामिल थे। महाआरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

वहीं रातानाडा स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में श्री कृष्ण मंदिर ट्रस्ट ओर महिला मंडली द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। महिला मंडली की सीमा सांखला ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में दान पुण्य का अक्षय फल शास्त्रों में बताया गया हे। इस दिन महिला मंडली ने श्री कृष्ण चांद कवर गोशाला में गौमाता को 51 किलो मालपुवे और लापसी का भोग लगाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश