हिमाचल में राजस्थान के 472 रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण का एडीजीपी ने लिया जायजा

 


जयपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर्म्ड बटालियन्स एवं एसडीआरएफ, राजस्थान रूपिन्दर सिंघ ने को हिमाचल प्रदेश के शमशी स्थित अतिरिक्त प्रशिक्षण केन्द्र, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान आर्म्ड बटालियन्स के 472 रिक्रूट कांस्टेबलों (आरटीएस) को दिए जा रहे प्रशिक्षण का जायजा लिया।

एडीजीपी ने विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण केन्द्र के क्वार्टर गार्ड का दौरा कर गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इसके बाद केन्द्र के अधिकारियों के साथ बैठक कर रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन में एडीजीपी रूपिन्दर सिंघ ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने जवानों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा उनके प्रशिक्षण और दैनिक जीवन से जुड़े विषयों पर व्यक्तिगत बातचीत की।

उन्होंने प्रशिक्षण केन्द्र की बैरकों और मैस का भी निरीक्षण किया और जवानों को उपलब्ध आवासीय एवं भोजन संबंधी सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जवानों के कल्याण और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

दो दिवसीय दौरे में एडीजीपी ने 472 रिक्रूट कांस्टेबलों के प्रशिक्षण, अनुशासन, रहन-सहन और कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं का व्यापक अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता के साथ जवानों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश