राजस्थान में एलपीजी, पेट्रोल-डीजल व उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति: मुख्य सचिव

 


जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक लेकर प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और विभिन्न विभागीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम एशिया के हालात को लेकर राज्यों के साथ की गई बैठक के बाद आयोजित की गई।

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आमजन को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वर्तमान परिस्थितियों में आमजन को अधिकतम राहत देने के लिए जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि घरेलू उपभोक्ताओं, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति जारी है। साथ ही अब व्यवसायिक सिलेंडरों की सप्लाई भी शुरू हो चुकी है। उत्पादन बढ़ने और अन्य क्षेत्रों से आपूर्ति होने से स्थिति में और सुधार हुआ है।

मुख्य सचिव ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को यूरिया और डीएपी सहित उर्वरकों की आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। उर्वरकों के डाइवर्जन और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक खपत वाले जिलों में पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही नैनो यूरिया और बायो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा ‘धरती माता बचाओ अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने अप्रैल में पांच लाख पीएनजी कनेक्शन देने के लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

जहां पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां प्राथमिकता से आमजन और संस्थानों को कनेक्शन देने तथा नेटवर्क विस्तार पर भी बल दिया गया। साथ ही गोबरधन योजना और बायोगैस प्लांट्स को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन वितरण, अन्नपूर्णा रसोइयों के संचालन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को दैनिक प्राइस चार्ट जारी कर बाजार में अनाज की कीमतों पर नियंत्रण रखने और अवैध भंडारण व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव ने इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अतिरिक्त चार्जिंग पॉइंट विकसित करने, परिवहन बसों का सुचारू संचालन बनाए रखने और आमजन को पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। ऑटोरिक्शा की रेट्रो फिटिंग को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देश दिए गए कि भ्रामक खबरों और अफवाहों का तत्काल खंडन कर सही जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि किसी प्रकार का पैनिक न फैले।

बैठक में बताया गया कि खाड़ी देशों में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन के जरिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं श्रम विभाग को प्रदेश में कार्यरत प्रवासी श्रमिकों को समय पर भुगतान, भोजन, आवास और परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित